फोटो-40 रोडवेज बस अड्डा पर यात्री का बैग चेक करते पुलिस कर्मी। पुलिस
फर्रुखाबाद। दिल्ली में लाल किले के पास विस्फोट के बाद जिले की पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी अलर्ट है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और धर्मस्थलों पर सुरक्षा को लेकर चेकिंग अभियान चलाया गया।
स्टेशन पर यात्रियों के सामान की जांच की गई और चौराहों-तिराहों पर वाहनों को भी रोका गया। सोमवार शाम दिल्ली के लाल किले के पास कार में बम विस्फोट में 10 से अधिक लोगों के मरने की सूचना के बाद प्रदेश भर में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। सभी प्लेटफार्मों पर यात्रियों के सामान की जांच की। इसके बाद प्लेटफार्म पर आई ट्रेन में भी सामान को जांचा गया।
कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने पुलिस बल के साथ देर रात बस अड्डा पर यात्रियों से भरी बसों और प्रतीक्षालय में बैठे यात्रियों के बैग अन्य सामान को खुलवाकर देखा। उन्होंने लावारिस वस्तुओं को न उठाने की बात कही। एएसपी डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि चौराहों-तिराहों पर भी सघन चेकिंग की जा रही है। धर्मस्थलों पर भी कड़ी नजर रहेगी।