फर्रुखाबाद। मेला रामनगरिया क्षेत्र का शनिवार को मेला सचिव सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर पटेल ने निरीक्षण किया। इन्होंने मेले में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने नाले का पानी गंगा में जाने से रोकने के लिए ईओ नगरपालिका से इंतजाम करने के लिए कहा।
पांचाल घाट चौराहे से गंगा पुल तक सड़क पर गंदगी देखकर सिटी मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रधान पति जमील अहमद से कहा कि चौराहे से पुल तक झाड़ू लगवाकर तुरंत कूड़ा उठवाने का प्रबंध किया जाए। मेला क्षेत्र में बन रहे सांस्कृतिक पांडाल की छत पर टूटी टीन लगी देखकर उन्होंने ठेकेदार की क्लास लगाई।
उन्होंने कहा कि टूटे शेड से पानी बरसने पर सभी भीग जाएंगे। इसको तुरंत बदला जाए। इस दौरान मेला के यादव क्षेत्र में कल्पवास कर रहे बाबा सुखराम दास ने सफाई न होने की शिकायत की। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने मेला व्यवस्थापक को सफाई करवाने के निर्देश दिए।
मेला व्यवस्थापक ने बताया कि बाबा सुबह से विधायकों और पुलिस की धौंस दिखा रहे हैं। उनके क्षेत्र में कर्मचारियों ने सुबह से ही सफाई कर दी है। पुल के नीचे बने शौचालयों और मेला अस्पतालों का निरीक्षण कर सभी जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी की।
आयुर्वेद अस्पताल में तैनात चिकित्सक डा. राजेश सिंह ने अस्पताल में पानी आने की शिकायत की। मेला सचिव ने उनकी शिकायत के निस्तारण के लिए मेला व्यवस्थापक को निर्देशित किया। मेला सचिव ने बताया कि मेले में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, रास्तों की मरम्मत करवाने और घाटों पर रोशनी आदि की व्यवस्था को सुधारने केे निर्देश दे दिए गए हैं।