गमगीन बैठे विक्की जाटव के रिश्तेदार व परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। भांजे के जन्मदिन में पर बहन की ससुराल आए युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। मामला हादसे का है या फिर कुछ और अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस युवक के एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कमालगंज थाने के गांव शेखपुर का विक्की जाटव (19) मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव नगला गुमटी निवासी अपनी बहन हिना के यहां आया था। विक्की के भांजे का जन्मदिन था। मंगलवार सुबह से ही वह गांव के ही एक युवक के साथ शाम तक घूमता रहा। बहनोई सोनू जाटव ने बताया कि रात करीब 8.45 बजे वह दुकान से पान मसाला लाने की बात कहकर घर से निकला था, फिर लौटा नहीं।
करीब चार घंटे बाद पता चला कि विक्की का शव हथियापुर रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। गेटमैन शिवकुमार ने परिजनों को बताया कि कासगंज से फर्रुखाबाद जाने वाली पैसेंजर के निकलने के बाद यह शव पड़ा देखा गया। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
बुधवार को बहनोई सोनू ने पुलिस को सूचना दी। घटनाक्रम पूछने के बाद पुलिस ने दिन भर साथ घूमने वाले विक्की के साथी को हिरासत में लिया हैै। विक्की के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।