फर्रुखाबाद। कैंट एरिया के जंगल में युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। 28 अप्रैल की रात घर से युवक लापता हुआ था। भाई ने गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को बदबू आने पर सेना के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने जांच कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के कैंट एरिया के जंगल में बुधवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटके होने की सूचना पुलिस को मिली। कोतवाल हरिश्याम सिंह, कर्नलगंज चौकी इंचार्ज नर सिंह सहित फाेरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। युवक के गले में फंदा कसा हुआ था। रस्सी शव फूलने से वजन अधिक होने के कारण टूटने की कगार पर थी।
पुलिस ने आस पास के लोगाें को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। मोहल्ला हाथीखाना निवासी चंदा ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की शिनाख्त बड़े भाई यूनुस (42) के रूप में की। चंदा ने बताया कि भाई यूनुस, इलियास व वह सिविल लाइन न्यू जज कालोनी में हेयर कटिंग की दुकान चलाते हैं।
28 अप्रैल की रात 10 बजे भाई यूनुस दुकान से निकल गए और घर नहीं पहुंचे। अक्सर वह रात को कैंट की ओर टहलने चले जाते थे। रात को कैंट, रेलवे स्टेशन पर यूनुस की तलाश करते रहे, लेकिन उनका पता नहीं चला।
29 अप्रैल को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार को पुलिस ने एक युवक के फंदे पर लटके होने की सूचना दी। सूचना पर मां साजिदा बेगम, पत्नी रीना बेगम, पुत्री फातिमा, इलमा, पुत्र हजमा को रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाल हरिश्याम सिंह ने बताया कि युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।