कायमगंज (फर्रुखाबाद)। एसएनएम इंटर कॉलेज कायमगंज में बुधवार को हस्तशिल्प मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ भव्यता के साथ किया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हस्तशिल्प मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक सुरभि गंगवार ने फीता काटकर किया। शकुंतला देवी विद्यालय के बच्चों ने सैन्य बल पर आधारित नाटक प्रस्तुत करते हुए भारतीय सेना की ताकत दिखाई।
विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने कहा कि जल्द ही जिलाधिकारी से वार्ता कर इन योजनाओं की जानकारी देने के लिए हस्तशिल्प कला प्रदर्शनी में स्टॉल लगवाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक युवा जागरूक हो सकें और लाभ उठा सकें। उन्होंने मंच पर बेटियों के द्वारा प्रस्तुत फौजी ड्रेस में सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह सोफिया कुरैशी और व्योमिका जैसी बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है, उसी तरह कायमगंज की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं।
इस प्रकार के आयोजन युवाओं को शासन की योजनाओं से अवगत कराने का बेहतर माध्यम हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. शरद गंगवार ने कहा कि एसएनएम ग्राउंड में पहली बार कायमगंज महोत्सव का आयोजन किया गया है। हमारी इच्छा है कि यहां एक दिन को कायमगंज डे के रूप में मनाया जाए। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नगर अध्यक्ष देवेंद्र दुबे ने किया।
मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि ने एनसीसी लेफ्टिनेंट सिल्की मिश्रा व साहसी बालिका टीम की लीडर खुशबू मिश्रा व उनकी टीम का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनका उत्साहवर्धन किया। महोत्सव के दौरान मेला कमेटी के सोनू और गौरव ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य सुनीता सचान, शिल्पी गंगवार, मनोज गंगवार, व्यापारी नेता संजय गुप्ता, अमित सेठ, अतुल गुप्ता, कपिल चतुर्वेदी, सोनू गंगवार, सभासद हासिम मियां और गौरव रहे।