फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली में बयान दर्ज कराने के बाद गैंगस्टर के आरोपी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन का पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण कराया। इसकी भनक लगते ही तरह-तरह के कयास लगाए जाते रहे। हालांकि बाद में पता चला कि उन्होंने तबीयत खराब होने की शिकायत भी पुलिस से की थी। शाम को वह घर चले गए।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला कसरट्टा निवासी अनुराग दुबे उर्फ डब्बन शनिवार दोपहर एक मुकदमे के मामले में अपने बयान दर्ज कराने शहर कोतवाली पहुंचे। कोतवाली प्रभारी राजीव पांडेय ने करीब तीन घंटे तक बंद कमरे में बयान दर्ज किए। इसी दौरान डब्बन ने तबियत खराब होने की शिकायत की। इसके बाद दोपहर करीब सवा दो बजे तिकोना चौकी प्रभारी यतेंद्र कुमार एक सिपाही के साथ उन्हें लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद दोबारा कोतवाली ले गए। यहां से वह शाम को अपने घर चले गए। यहां बता दें कि सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद डब्बन सभी मुकदमों में पुलिस के सामने पेश होकर अपने बयान दर्ज करवा रहे हैं। हालांकि सजा होने के बाद उनके भाई बसपा नेता मथुरा जेल में बंद हैं। डॉक्टरी परीक्षण के दौरान तमाम तरह के कयासबाजी लगाई जाती रही।