संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखबाद। माफिया अनुपम दुबे के ब्लाॅक प्रमुख भाई अमित दुबे को रंगदारी के मुकदमे में बी वारंट पर तलब कर कस्टडी वारंट तामील कराया गया। बसपा नेता ने रंगदारी मांगने पर ब्लाॅक प्रमुख सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला भूसा मंडी निवासी बसपा नेता हाजी फजल मंसूरी ने माफिया अनुपम दुबे के मोहम्मदाबाद ब्लाॅक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन, सिविल लाइन निवासी शबा खान, हैदर अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें जान से मारने की धमकी देने व रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। अमित दुबे उर्फ बब्बन हरदोई जेल में बंद है। विवेचक ने अमित दुबे को हरदोई जेल में रंगदारी के मुकदमे में बी वारंट तामील कराया था।
सोमवार को शाहजहांपुर पुलिस रोडवेज बस से अमित दुबे को सीजेएम कोर्ट में पेशी पर लाई। यहां अमित दुबे को कस्टडी वारंट तामील कराया गया। उनके वकील बृजेंद्र मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि मोहम्मदाबाद ब्लाॅक प्रमुख अमित दुबे को बी वारंट में तलब कर कस्टडी वारंट तामील कराया गया है।
माफिया के खेतों में लगाए कुर्की के बोर्ड
नायब तहसीलदार सनी कनौजिया, एसओ नवाबगंज जे पी शर्मा, मदनपुर चौकी इंचार्ज, लेखपाल के साथ सोमवार को मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव सहसापुर पहुंचे। यहां माफिया अनुपम दुबे व उनके परिजनों के गांव कुबेरपुर डूृंगरसी स्थित खेत पर कुर्की के दो बोर्ड लगाए। दोनों खेतों की कीमत लगभग 11 लाख रुपये है। दो दिन पहले पुलिस व प्रशासन ने गांव में कॉलेज, मकान, खेत कीमत 45.55 करोड़ की संपत्ति कुर्क की थी।