फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला बंगशपुरा कोहना में करीब 100 घरों के ऊपर से निकली बिजली की हाईटेंशन लाइन से लोगों की जान को खतरा है। तार जर्जर होने से झूल रहे हैं। इससे जिन घरों की छत से लाइन निकली है, उनके परिजनों ने छतों पर जाना बंद कर दिया है। बच्चों को छत पर जाने से रोकने के लिए जीने के गेट पर ताला डाल दिया है। बारिश होने पर इन जर्जर तारों से घरों करंट भी आ जाता है।
शहर के मोहल्ला बंगशपुरा कोहना में करीब 100 घरों के ऊपर से निकली बिजली की एचटी लाइन पुरानी होने से जर्जर हो गई है। तेज हवा के साथ बारिश होने पर तार आपस में टकराते हैं। इनसे निकलने वाली चिंगारी छतों पर गिरती है। तार टूट कर छत पर गिरने और उससे करंट फैलने का मोहल्ले के लोगों को हर समय डर सताता रहता है। बारिश होने पर कुछ घरों में करंट आ जाता है। इस समस्या से निजात को मोहल्ले के लोगों ने कई बार अफसरों से गुहार लगा चुके हैं। सुनवाई न होने से समस्या जस की तस है और झूलते 11 केवी के तारों से खतरा बना हुआ है।
मोहल्ले निवासी आजम ने बताया कि छत के ऊपर से निकले तारों से बारिश में घर में हल्का करंट आने लगता है। इससे हादसे का डर बना रहता है।
मोहल्ले के आशिफ ने बताया कि छत के ऊपर से 11 केवी के तार निकले होने से बच्चों को छत पर नहीं जाने देते हैं। जीने के दरवाजे पर ताला डाल रखा है। इससे बड़े लोग छत पर नहीं जाते हैं।
मोहल्ले की मोनी ने बताया कि छत से एचटी लाइन निकली होने से वह वहां कभी कपड़ा सुखाने नहीं जाती हैं। कपड़े नीचे ही सुखाने पड़ते हैं। तार नीचे होने से कोई भी चपेट में आ सकता है और करंट लगने से हादसा हो सकता है।
मोहल्ले की शाहिदा बेगम ने बताया कि उनकी छत पर बिजली की लाइन बहुत नजदीक है। अगर यह टूट कर गिरे तो बड़ा हादसा हो सकता है। इस समस्या के समाधान को कई बार विद्युत निगम के अफसरों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अवर अभियंता राघवराम पांडेय ने बताया कि 11 केेवी की यह लाइन बहुत पुरानी है। अभी शहर में कोई योजना भी नहीं चल रही है। अगर कोई योजना आए तो इन तारों को छतों से हटा कर गली या सड़क किनारे से ले जाने का काम करवाया जाएगा। वह एस्टीमेट बनाकर विभागीय अफसरों को भेजेंगे।
मोनी। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
साइदा बेगम। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
शहर के मोहल्ला बंगाशपुरा कोहना में छतों के ऊपर से गुजरी एचटी लाइन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
आजम। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD