कायमगंज (फर्रुखाबाद)। चीनी मिल में पर्याप्त गन्ना न पहुंचने से पेराई सत्र शुरू होने के तीसरे दिन भी पेराई शुरू नहीं हो पाई है। मिल के पास ईधन भी जरूरत के अनुसार नहीं है।
सांसद मुकेश राजपूत, विधायक अमर सिंह खटिक ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ चीनी मिल में पेराई सत्र का शुभारंभ किया था। मिल प्रशासन ने पहले दिन 36 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेंड जारी कर दिया था। 24 घंटे पेराई के लिए 12500 क्विंटल गन्ने की जरूरत है। किंतु अभी तक 2000 क्विंटल गन्ने की ही तौल हुई है। गन्ने लदी कुछ ट्रैक्टर-ट्रॉली व बैलगाड़ी यार्ड में खड़ी हैं। ब्वायलर में झोंकने के लिए सूखा ईंधन भी नहीं है। रूपापुर चीनी मिल से एक ट्रक बैगास मंगाया गया है।
सीसीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि किसान धीरे-धीरे गन्ना ला रहे हैं। स्टॉक होने पर पेराई शुरू कर दी जाएगी। गांव सिकंदरपुर छितमा निवासी आशाराम, वीरपाल, गांव समाउद्दीनपुर निवासी गुलफान ने बताया शनिवार से मिल यार्ड में गन्ना लेकर खड़े हैं। तौल हो जाए दोबारा गल्ला लाएं। जीएम किशनलाल ने कहा कि गन्ने का स्टॉक किया जा रहा है। ईंधन का इंतजाम कर लिया गया है। पेराई जल्द शुरू कर दी जाएगी।