राजेपुर। पूर्व प्रधान की बेटी की गोदभराई कार्यक्रम में सोमवार को हर्ष फायरिंग में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। कसबे में पूर्व प्रधान उपदेश गुप्ता की बेटी शिप्रा की गोदभराई कार्यक्रम कसबा स्थित उनके प्रतिष्ठान पर चल रहा था। शिप्रा की शादी कन्नौज के गुरसहायगंज निवासी अंकित गुप्ता से तय हुई है।
गोदभराई के दौरान कुछ लोगों ने अति उत्साह में हर्ष फायरिंग कर दी। ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग के दौरान तसब्बर पुत्र इकरार निवासी कड़क्का और सौरभ (9) पुत्र सर्वेश कुमार निवासी केशव नगर पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इससे भगदड़ मच गई। इस दौरान फायरिंग करने वाले भाग निकले। उपदेश गुप्ता ने आनन-फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
दरोगा रक्षपाल ने मामले की छानबीन कर घायलों के नाम नोट कर लिए हैं। एसओ महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। हर्ष फायरिंग करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।