नहटौर में दूसरे के मोबाइल पर प्रेमी से आपत्तिजनक बातें कर रही महिला की रिकॉर्डिंग हो गई। इसका पता चलने पर महिला ने बदनामी के डर से जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले को लेकर पंचायत हुई। इसमें पंचों ने महिला की मौत का जिम्मेदार उसके प्रेमी को ठहराते हुए 75 हजार रुपये परिजनों को दिलाकर मामले को रफा-दफा कर दिया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला का पड़ोसी गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग था। गांव के ही एक युवक को इसकी जानकारी थी। उसने महिला से प्रेमी से 15 हजार रुपये उधार दिलाने की गुजारिश की। महिला ने युवक के मोबाइल से प्रेमी को फोन किया। प्रेमी ने रुपये देने की हामी भरते हुए महिला से अश्लील बातें करनी शुरू कर दीं। यह बातचीत मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, एक दिन बाद युवक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्डिंग सुन ली। उसने यह बात अन्य लोगों को भी बता दी। रिकॉर्डिंग की जानकारी महिला को भी हो गई। इसके बाद महिला ने बदनामी के तनाव में जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी घर पर ही मौत हो गई। इसके बाद पति को मामले की जानकारी हुई। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई। इसमें मोबाइल रिकार्डिंग को पंचों ने सुना। इसके बाद पंचों ने महिला की मौत के लिए उसके प्रेमी को जिम्मेदार ठहराया। पंचायत ने इसके लिए प्रेमी पर 75 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया और मामले का निपटारा कर दिया। कोतवाल चंद्रकिरण ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।