एक सप्ताह पूर्व नगर में हुए टीपू हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस
ने गिरफ्तार कर लिया है। आठ दिन में सभी नामजद आरोपी पकड़ लिए गए हैं।
घटना स्थल पर अभी भी पुलिस तैनात है। 5 जुलाई रविवार की शाम 8 बजे नगर के
मोहल्ला चिलौली पठान निवासी टीपू पुत्र भूरा खां की गोली मारकर हत्या कर दी
गई थी। इसका चाचा नजम पुत्र इस्माइल खां पेट में गोली लगने से घायल हो गया
था। इस मामले में नजम के भाई शम्मू खां ने नगर के तंबाकू कारोबारी अजय
अग्रवाल
उर्फ बब्लू पुत्र हरेराम अग्रवाल, नरेश शर्मा व सुदीश शर्मा
पुत्रगण सत्यराम शर्मा, सुमित मिश्रा व अमित मिश्रा पुत्रगण रमेश चंद्र
मिश्रा निवासीगण मोहल्ला पृथ्वीदरवाजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसपी दो दिनों तक कोतवाली में डेरा
जमाए रहे थे और घटना के अगले ही दिन बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया था। चार
अन्य
आरोपी फरार हो गए थे। मृतक पक्ष की ओर से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी
के लिए पुलिस पर दबाव बनाया गया। इस पर पुलिस ने शुक्रवार को सुमित और नरेश
को गिरफ्तार किया। आरोपी सुदीश और अमित फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार
आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में छापेमारी कर रही थी। सोमवार को पुलिस
ने आरोपी सुदीश और अमित को रेलवे स्टेशन
के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाल रूम सिंह यादव ने बताया कि सुदीश शर्मा के पास से हत्या में
प्रयुक्त तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि फरार चल रहे
चारों आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब घटना की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से घटना स्थल पर अभी भी पुलिस तैनात
है।