कायमगंज। ब्राहिमपुर जागीर गांव में चोरों ने चार घरों से हजारों का माल पार कर दिया। एक अन्य घर में भी चोरी का प्रयास किया। सोमवार देर रात क्षेत्र के गंाव ब्राहिमपुर जागीर निवासी जगदीश के परिजन छत पर सो रहे थे। तभी चोर दबे पांव छत के रास्ते घर में घुस गए। वहां अलमारी का ताला तोड़कर सोने की दो अंगूठी व तीन जोड़ी पायल, खडुआ व तीन हजार रुपये ले गए। उसके बाद चोरों ने गांव के ही दीपक के घर से एक सोने का मटर माला, अंगूठी, जंजीर, तीन जोड़ी पायल व छह हजार नगद रुपये व राजेश कठेरिया के घर से दो जोड़ी पायल, दो हजार रुपये नगद चुरा लिए।
इसके अलावा रविंद्र के घर के नीचे उसकी दुकान से तीन जूते के डिब्बे व कुछ जनरल स्टोर का सामान ले गए। पीड़ित ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी है। इसके अलावा चोरों ने सिंटू निवासी दारापुर की टेंट की दुकान में नकबजनी करने का प्रयास किया गया। लेकिन चोर सफल नहीं हो पाए। सुबह दुकानदार ने देखा तो पीछे की तरफ से ईटे निकली हुई थीं। घटना की जानकारी पर सीओ व प्रभारी निरीक्षक ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। इधर ब्राहिमपुर जागीर गांव में ही स्थित कोतवाल का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।