अलग-अलग स्थानों पर चार खाताधारकों के खातों से हजारों रुपये निकाल लिए गए। जानकारी पर पीड़ितों ने बैंक प्रबंधकों से शिकायत की। कमालगंज
क्षेत्र के गांव अमानाबाद निवासी दिनेशचंद्र के मुताबिक उनके मोबाइल पर
शुक्रवार सुबह 7764898575 से काल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनसे कहा कि
उन्हें दो लाख रुपये का लोन दिया जाएगा। वह अपना खाता नंबर दे दें। इस पर
दिनेश ने स्टेट बैंक का खाता नंबर दे दिया।
दोपहर को जब वह बैंक गए तो पता
चला कि उनके खाते से शुक्रवार को ही 33619 रुपये निकल गए। दिनेेश ने बताया
कि उनके खाते में 34009 रुपये थे। कॉल करने वाले व्यक्ति ने लोन देने के
नाम पर उनका एकाउंट नंबर पूछ लिया। दोपहर में फोन आया कि उनके लोन का पैसा
उनके खाते में पहुंच गया है लेकिन जब वह देखने गए तो उनके खाते में मात्र
390 रुपये ही बचे थे।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार गांव अजीजलपुर
निवासी जुबैर खां, शानू खां और सराफत के खाते आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा
ताजपुर में हैं। जुबैर खां के मुताबिक उनके खाते से 16 अक्तूबर को 50 हजार
और 20 अक्तूबर को 35 हजार रुपये निकाल लिए गए। वहीं शानू के के खाते से 20
अक्तूबर को 23 हजार और सराफत के खाते से एक हजार रुपये निकाल लिए गए। इनको
बीते दिनों इसकी जानकारी हुई।
शुक्रवार को तीनों लोग बैंक पहुंचे और शाखा
प्रबंधक से शिकायत की। शाखा प्रबंधक ने तीनों को समझा-बुझाकर टरका दिया।
इससे गुस्साए तीनों लोगों ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। जुबैर खां,
सोनू और सराफत खां ने बताया कि खाते से पैसे निकलने की शिकायत करने जब वह
लोग बैंक गए तो प्रबंधक ने चैनल पर ताला डाल दिया। अंदर से ही बैंक प्रबंधक
ने उन्हें टरका दिया। इस संबंध में प्रभारी कोतवाल रामजीवन यादव ने बताया
कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।