कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव आखूनपुर में मेड़ तोड़ने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट के बीच हंसिया और गोलियां चलीं। इस घटना में दोनों पक्षों से महिला समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि पुलिस ने फायरिंग से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के गांव आखूनपुर में मेड़ काटने को लेकर सतीश और राजेश के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान हंसिया चले और फायरिंग हुई। हंसिया और फायरिंग होने से गांव में दहशत फैल गई। इस घटना में एक पक्ष से सरला पत्नी जगदीश, रीता पुत्री जगदीश, सतीश पुत्र रामचंद्र और दूसरे पक्ष से सरला पत्नी राजेश, नन्हें सिंह, संजीव पुत्रगण टीकाराम व नन्ही देवी पत्नी देव सिंह घायल हो गईं।
मामले की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सतीश ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके खेत की मेड़ काट दी। विरोध किया तो फायरिंग के साथ मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष के राजेश ने बताया कि वह खेत पर थे। बिना बात के हमलावरों ने उन लोगों के साथ मारपीट और फायरिंग की। कोतवाली के एसआई वाईपी सिंह ने बताया कि फायरिंग की बात सामने नहीं आई है। मेड़ तोड़ने पर मारपीट हुई है।