फर्रुखाबाद। खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट के साथ ही फायरिंग हो गई। फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनाें पक्षों की ओर से एनसीआर दर्ज कर ली है। वहीं एक अन्य घटना में महिला को मारपीट कर घायल कर दिया गया। मामले की सूचना दर्ज कराई गई है।
थाना मऊदरवाजा गांव धारानगरी निवासी लालाराम के खेत से गांव के ब्रजेंद्र ट्रैक्टर निकाल रहे थे। फसल खराब होते देख लालाराम ने विरोध किया। इसको लेकर दोनाें के बीच मारपीट होने लगी। देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई, जिससे हड़कंप गया। मामले की सूचना दोनों पक्षों ने थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने लालाराम की तहरीर पर ब्रजेंद्र, रवी, जितेंद्र कुमार, गिरीशचंद्र और रवी की तहरीर पर लालाराम, गौरव, अरविंद और धर्मेंद्र के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली। एसओ सुनील यादव ने बताया कि फायरिंग नहीं हुई थी। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी।
उधर, फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नवदिया निवासी राधिका पत्नी राकेश का ननद अंजली से मंगलवार की शाम किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी होने पर ननद ने भाभी के साथ मारपीट कर दी। मारपीट की जानकारी राधिका ने कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेज दिया। पुलिस ने अंजली, राजा और चंद्रावती के खिलाफ सूचना दर्ज कर ली है।