बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने दो घरों से हजारों की नगदी और लाखों
रुपये की कीमत के जेवर चुरा लिए। दोनों गृहस्वामियों ने कोतवाली में
तहरीर दी है। नगर के मोहल्ला पाठक नई कालोनी निवासी सुनील सक्सेना के बंद
मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर 35 हजार की नगदी के अलावा सोने
केे जेवर ले गए। इसके बाद चोर पड़ोस में रहने वाले
शिक्षा सदन गऊटोला में
लिपिक पद पर कार्यरत प्रयागदास शाक्य की छत से होते हुए नीचे इनके घर में
उतर गए। इस समय परिवार के सदस्य छत पर ही सोये थे। इन्हें चोरों के आने की
आहट नहीं हुई। चोरों ने कमरों में लोहे की अलमारी और बक्सों में रखे
रुपयों और जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। रात 2.30 बजे प्रयागदास को आहट लगी
तो उन्होंने नीचे उतरने का प्रयास
किया। तब तक चोर जीने का दरवाजा बंद कर
भाग चुके थे। उन्होंने पड़ोसियों को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। प्रयागदास
ने बताया कि चोर उनके घर से 40 हजार की नगदी के अलावा लगभग 2.75 लाख रुपये
की कीमत के जेवर चुरा ले गए हैं। चोरों ने बैठक में लगी एलसीडी को कपड़े
में बांध लिया था लेकिन ले नहीं जा सके। वहीं सुनील ने बताया कि वह अपने
ताऊ
को देखने नदराला गया हुआ था। बच्चे घर को ताला लगाकर अपनी नानी के घर
चिलांका चले गए थे। चोरी की वारदातों की कोतवाली में तहरीर दी गई। घटना की
जानकारी मिलने पर कस्बा इंचार्ज रविंद्र सिंह ने मौके पर जाकर निरीक्षण
किया। कोतवाल रूम सिंह यादव ने बताया कि जांच कर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।