मोहम्मदाबाद में कोतवाली में बैठी निशक्त महिला संगीता देवी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
टिकट को लेकर हुए विवाद में रोडवेज बस परिचावलक ने नि:शक्त महिला को तमाचा जड़ दिया। यात्रियों ने हंगामा कर बस को रुकवा कर परिचालक के खिलाफ तहरीर दी।
जिला हरदोई थाना पाली के गांव खनखाला जहानपुर निवासी नि:शक्त महिला संगीता देवी पत्नी विदुर पाठक मंगलवार को रोडवेज बस से दो बच्चों के साथ जिला कन्नौज थाना छिबरामऊ के गांव सरावखान अपने मायके जा रही थी। रास्ते में बस के सविंदा परिचालक ने महिला से टिकट बनवाने को कहा।
महिला ने अपना विकलांग सर्टिफिकेट दिखाया। इस पर परिचालक ने उस सर्टिफिकेट को मानने से इनकार कर दिया। इसको लेकर महिला और परिचालक के बीच नोकझोंक होने लगी। विवाद बढ़ने पर परिचालक ने महिला के तमाचा जड़ दिया। यह देखकर अन्य यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और बस को कोतवाली के पास रुकवा लिया।
बस के रुकते ही परिचालक बस से उतरकर भाग गया। इसके बाद महिला इसकी शिकायत लेकर चालक के साथ कोतवाली पहुंची। पुलिस ने मोबाइल कर परिचालक को बुलाया लेकिन वह कोतवाली नहीं पहुंचा। इस पर महिला ने परिचालक के खिलाफ मामले की तहरीर दी।