शमसाबाद। स्कूल से घर लौटते समय स्कूली वैन की टक्कर से एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके भाई और बहन घायल हो गए। परिवार वाले शव को मौके से उठा कर अपने घर के बाहर सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सदर तहसीलदार, सीओ समेत फोर्स मौके पर पहुंचे। आश्वासन के बाद तीन घंटे बाद जाम खुल सका।
थाना क्षेत्र के गांव मुरिया खेड़ा निवासी वीरेंद्र सिंह का बेटा अमन (10), इंद्रजीत (12), बेटी सोनी (11) थाना मऊदरवाजा के गांव भिड़ौर स्थित कलावती देवी इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। गुरुवार की दोपहर तीनों बच्चे छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे थे। स्कूल से 50 मीटर दूर सामने से आ रही दूसरे स्कूल की वैन की टक्कर से तीनों बच्चे घायल हो गए।
ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के बाद वैन चालक वाहन लेकर भागने लगा। लोगों ने वैन को चालक समेत पकड़ लिया। कुछ देर बाद अमन की मौत हो गई। वैन चालक पुलिस हिरासत में है। उसी समय वीरेंद्र सिंह बाजार कर लौट रहे थे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से इंद्रजीत और सोनी को प्राइवेट वाहन से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वीरेंद्र के परिवार के लोग शव को लेकर घर चले गए। घर के पास गांव की तमाम महिलाएं और पुरुषों ने फर्रुखाबाद-चिलसरा मार्ग पर शव रख दोपहर करीब दो बजे जाम लगा दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसओ वीरपाल तोमर मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही सीओ कायमगंज नरेश कुमार, तहसीलदार राजीव निगम, मऊदरवाजा थाने के प्रभारी एसओ ललित कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए।
ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने, दुर्घटना करने वाली वैन के चालक, मालिक और स्कूल के प्रबंधक को मौके पर बुलाने की मांग की। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि मृतक के परिजनों को जो मदद हो सकेगी दिलाई जाएगी। इसके साथ ही दुर्घटना क्लेम दिलाया जाएगा। तब कही जाकर शाम पांच बजे ग्रामीणों ने जाम खोला।
शव उठाने को लेकर नोकझोंक
शमसाबाद। छात्र की मौत के बाद पहुंची पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया। इसको लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस पर सीओ ने पुलिस कर्मियों को अलग किया।