जिले भर में सांसद निधि से करीब 500 और फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से लगाई र्गइं करीब 200 सोलर लाइटें देखरेख के अभाव में सफेद हाथी साबित हो रही हैं। ये सोलर लाइटें चोरों की कमाई का जरिया बनी हुई हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र में ही अधिकतर सोलर लाइटों से बैट्रियां और सोलर प्लेट चोरी हो चुकी हैं। कई जगह तो सोलर लाइटें ठूंठ बनी खड़ी हैं। सोलर लाइट लगाए जाने की लागत 16 से 18 हजार रुपये आती है। इसमें खंभा, सोलर प्लेट, लाइट और बैट्री के साथ ही बैट्री बॉक्स व मजदूरी भी शामिल है।
राजीव गांधी नगर मोहल्ला में पूर्व प्रधान के घर के पास बने पार्क में करीब डेढ़ माह पहले सांसद निधि से सोलर लाइट लगाई गई थी। सोलर लाइट लगने के तीसरे दिन चोर बैट्री चुरा ले गए और एक सप्ताह बाद उसकी सोलर प्लेट भी चोरी हो गई। वहीं, बघार रोड पर विधायक निधि से लगी सोलर लाइट की बैट्री भी चोर चुरा ले गए। दुकानदारों का कहना है कि यह सोलर लाइट करीब दो माह पहले लगाई गई थी। कुछ दिन तक तो लाइट जली लेकिन करीब एक माह पहले चोर बैट्री चोरी कर ले गए।
सेंट्रल जेल पर सांसद निधि से करीबन तीन-चार माह पहले सोलर लाइट लगाई गई थी। इस सोलर लाइट से भी चोर बैट्री चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। पलरिया मोहल्ला में पूर्व विधायक के आवास के पास तो सिर्फ सोलर लाइट का खंभा ही बचा है। सोलर प्लेट, बैट्री और लाइट तक चोर खोल ले गए। इसी तरह बघार से सेंट्रल जेल तक विधायक निधि से लगी सोलर लाइटों की बैट्रियां गायब हैं। इसके साथ ही रायदीपचंद्र और नवाब दिलावर जंग आदि मोहल्लों में लगी सोलर लाइटों से बैट्री और सोलर प्लेट गायब हैं।
हैरत की बात तो यह है कि पुलिस सोलर लाइट चोरी की रिपोर्ट दर्ज तक करना मुनासिब नहीं समझती है। अगर कर भी ले तो जांच ठंडे बस्ते में ही पड़ी रहती है। इसके चलते सरकार का लाखों रुपये सोलर लाइट की सुविधा देने के नाम पर बेवजह पानी में बह गया है।
पुलिस को लिखनी चाहिए रिपोर्ट
मैंने अपनी निधि से जिले में करीबन 500 सोलर लाइटें लगवाईं। इसके साथ ही अटल ज्योति योजना से हर विधानसभा में लगीं करीब 2000 सोलर लाइटों में 25 प्रतिशत धनराशि सांसद निधि से दी गई। सोलर लाइटों से बैट्री और सोलर प्लेट अगर चोरी होती है तो पुलिस को इसकी रिपोर्ट लिखनी चाहिए। सोलर लाइट की जिम्मेदारी उसकी भी होती है, जिसके घर के बाहर सोलर लाइट लगती है। लोगों को भी इसके लिए सचेत होना चाहिए।
मुकेश राजपूत (सांसद)
सोलर लाइटों से बैट्री और सोलर प्लेट चोरी होना गंभीर मामला है। इस संबंध में जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान से बात की जाएगी। कहीं भी अगर सोलर लाइट से बैट्री व सोलर प्लेट चोरी जाती है तो पुलिस रिपोर्ट दर्ज करे।
मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी (सदर विधायक)