लापता रिक्शा चालक का शव चौथे दिन गांव के पास गड्ढे में पड़ा मिला। घटना
की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त कपड़ों से की। शव के पास
दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज
दिया।
थाना मऊदवाजा इलाके के गांव नया नगला निवासी राजेश जाटव (35)
पुत्र रामचंद्र टाउनहाल स्थित निजामुद्दीन के यहां रिक्शा
चलाता था। राजेश
10 अगस्त को घर से रिक्शा लेकर निकला था। इसके बाद वह लौट कर नहीं आया।
परिवार के लोगाें ने उसकी खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की
जानकारी परिवार के लोगाें ने पुलिस को दी थी। शुक्रवार की सुबह गांव के
मोड़ के पास गड्ढे से बदबू आने पर ग्रामीणों ने खोजबीन की तो शव दिखाई
दिया। राजेश के भाई यादराम और
अन्य लोग भी आ गए। यादराम ने कपड़ों से राजेश
की शिनाख्त की। शव का सीधा पैर और हाथ जानवरों ने नोंच लिया था। सूचना
मिलने पर एसओ सुनील यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही समय बाद एसपी
दिनेश कुमार पी, एएसपी रामभवन चौरसिया, स्वाटटीम प्रभारी ब्रजेश यादव समेत
फोर्स पहुंच गई। एसपी ने प्रधान दयाराम शाक्य के अलावा परिवार के
लोगों
से पूछताछ की । पुलिस ने गांव के विजय, अजय कुमार को पुलिस ने हिरासत में
ले लिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के
लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार राजेश की पसली टूटी थी। सिर
में भी चोट लगी थी। सूत्रों का कहना था शव इतना सड़ गया था कि मौत का कारण
सही पता नहीं लग पा रहा है। हालांकि डा.अजय कुमार ने शरीर पर आईं चोटों से
अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत होने की बात कही है।