घटना की जानकारी देते ट्रक मालिक व चालक
- फोटो : amarujala
नवाबगंज। बरेली से फर्रुखाबाद माल उतार कर औरैया जा रहे ट्रक को कार व बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। मालिक और चालक को पीट कर सड़क किनारे डाल ट्रक व 1.85 लाख रुपये लूट ले गए। सुबह नवाबगंज थाने पहुंच कर ट्रक मालिक ने घटना की तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कहकर मामले को दबा दिया।
औरैया जिले के फफूद थाना क्षेत्र के गांव वनकापुर पुरवा निवासी ट्रक मालिक शेर सिंह और भीखेपुरवा निवासी चालक गौरव सिंह ने ट्रक पर तमका झारखंड से बरेली के लिए कटहल लोड कराया था। उन्होंने 19 मई को बरेली में माल उतारा। इसके बाद फर्रुखाबाद के एक गेस्ट हाउस के टेंट का सामान लोड करने के बाद 20 मई को फर्रुखाबाद आया। टेंट का सामान उतारने के बाद वह मोहम्मदाबाद-बेवर रोड से औरैया जा रहे थे।
गैसिंगपुर प्लांट के पास कार और बाइक से कुछ लोग ट्रक के पीछे लग गए। इस पर चालक ने नादीपुर गांव की ओर ट्रक मोड़ दिया। कार और बाइक सवार बदमाशों ने खुटा नगला गांव के पास ओवरटेक कर ट्रक को रोक लिया। बदमाशों ने दोनों की जमकर पिटाई करने के बाद सड़क किनारे डाल दिया। चालक से ट्रक की चाबी और मालिक से 1.85 लाख रुपये छीन लिए। दो बदमाश ट्रक पर बैठे और उसे लेकर चले गए।
रविवार को ट्रक मालिक ने नवाबगंज थाना पहुंच कर घटना की तहरीर दी। ट्रक मालिक ने बताया कि वह खूटा नगला से चालक के साथ पैदल चलकर थाने आया। यूपी 100 पर सूचना दी थी लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। उसने बताया कि बदमाश उससे 1.85 लाख रुपये और ट्रक लूट ले गए है। एसओ ललितेश कुमार ने बताया कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।