रिश्तेदारी से लौटते समय लुटेरों ने बाइक सवार दंपति को ओवरटेक कर तमंचे के बल पर नगदी और जेवर लूट ली। बुधवार दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर जाने से पहले ही नवाबगंज की घटना बताकर पीड़ित को टरका दिया। कन्नौज के थाना छिबरामऊ के गांव बैजूरामपुर निवासी गणेशचंद्र सक्सेना और उनकी पत्नी उषा देवी थाना नवाबगंज के गांव इमादपुर रिश्तेदारी में गए थे। उषा की नानी की तबियत खराब थी। दोपहर को गणेशचंद्र पत्नी व बच्चे को लेकर घर लौट रहे थे।
मोहम्मदाबाद-नवाबगंज मार्ग पर जोगी डेरा के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे बाइक सवार लुटेरों ने गणेश की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया और युवक ने तमंचा लगा कर जेवर और पर्स लूट ले गए। दिनदहाड़े हुई घटना की सूचना मोहम्मदाबाद कोतवाली जाकर सूचना दी। यहां पर मौजूद दरोगा केएम सिद्दीकी ने घटनास्थल पर न जाकर पीड़ित परिवार को घटना थाना नवाबगंज थाना क्षेत्र की होने की बात कहकर टरका दिया। गणेशचंद्र व ऊषा ने बताया कि लुटेरे उसके पास से जंजीर, झुमकी, तोड़िया, 3400 रुपये लूट ले गए।
मोहम्मदाबाद के दरोगा केएम सिद्दीकी का कहना है कि पीड़ित को भगाने का आरोप गलत है। पूछताछ के बाद घटनास्थल दूसरे थाने का होने के कारण उसे वहां जाने की सलाह दी थी। उधर पीड़ित, नवाबगंज थाने में देर शाम तक नहीं पहुंचे हैं।