मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव हैवतपुर गढ़िया में वृद्धा की गला घोटकर हत्या चोर ने पहचाने जाने पर की थी। पुलिस ने हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
गांव धर्मपुर कटरी निवासी राधेश्याम की पत्नी मधुमालती (65) चार फरवरी की रात अपने बेटे बलराज की गांव हैवतपुर गढ़िया स्थित आटा चक्की पर लेटी थीं। बेटा बलराज खेत में सिंचाई करने गया था। रात में मधुमालती की हत्या कर दी गई। पांच फरवरी की सुबह कारखाने पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। बाद में पता चला कि कारखाने से 20 हजार रुपये, वृद्धा का मोबाइल व जेवर के अलावा कागजात भी गायब थे।
घटना के संबंध में पुत्र ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल मिश्र ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को बताया कि हत्या के खुलासे में सर्विलांस सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित व मऊदरवाजा थाना पुलिस ने शनिवार रात जसमई तिराहे से आरोपी दिलीप जाटव निवासी हैवतपुर गढ़िया को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसके चचेरे भाई का जन्मदिन था। वृद्धा अकेली होने से वह चोरी करने कारखाने में घुस गया। वहां से मिले 20 हजार रुपये व कागजात लेकर वह निकल रहा था। इसी दौरान वृद्धा जाग गई और उसे नाम लेकर आवाज दी। वृद्धा ने उसका कालर पकड़ लिया। पहचाने जाने पर उसने वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी। उसका मोबाइल भी लेकर चला गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 4500 रुपये, वृद्धा का मोबाइल, आईडी कार्ड व पासबुक भी बरामद कर लिया। न्यायालय से उसे जेल भेज दिया गया। एसपी ने गिरफ्तारी पर पुलिस टीम को 5000 रुपये पुरस्कार दिया। प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी त्रिभुवन सिंह भी मौजूद रहे।