आवास विकास तिराहे पर शव रखकर जाम लगाए परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कमालगंज/फर्रुखाबाद। भतीजे से विवाद में युवक ने चचेरे भाई के सिर पर लोहे का पाइप मार दिया। इससे वह गंभीर रुप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। चचेरे भाई को तड़पता हुआ युवक करीब एक घंटे तक देखता रहा। यह स्थिति देख गांव के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल को अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया में आने पर डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने डॉक्टर की अभद्रता को लेकर आवास विकास तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। कोतवाल ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मुख्य हत्यारोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है।
थाना कमालगंज के गांव महरुपुर रावी निवासी सर्वेश राजपूत का भतीजा विकास का सोमवार को चचेरे भाई भोला से विवाद हो गया था। इसकी शिकायत विकास ने शाम को चाचा सर्वेश से की। मंगलवार की सुबह सर्वेश लोहे का पाइप लेकर चचेरे भाई भोला के दरवाजे पहुंचा और भोला को ललकारने लगा। भोला घर से बाहर निकला तभी सर्वेश ने भोला पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। भोला ने सर्वेश के हाथ से लोहे का पाइप छीन लिया और उसी पाइप से सर्वेश को पीटने लगा। सिर पर कई बार लोहे का पाइप लगने से सर्वेश (27) लहूलुहान हो कर गिर पड़ा। घटना को देखकर भोला के परिजन मौके से फरार हो गए। लेकिन भोला वहीं सर्वेश को जमीन पर तड़पता हुआ देखता रहा। ग्रामीणों ने एक घंटे बाद सूचना पुलिस को दी। सूचना पर उपनिरीक्षक सीएल दिवाकर पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और घायल सर्वेश को सीचसी में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लोहिया अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टर ने सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर सर्वेश का भाई कमलेश ने डॉक्टर राजेश तिवारी से कहा कि उसके भाई की सांसे चल रही है। वह दोबारा देख लें। कमलेश डॉक्टर का हाथ पकड़ कर खींचने लगा। यह देखकर डॉक्टर ने धक्का दे दिया। इस बात से नाराज परिवार के लोग वहां स्ट्रेचर से शव को आवास विकास तिराहे पर लेकर आए और शव को सड़क के बीच रख कर जाम लगा दिया। परिजन पुलिस और डॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी मिर्जा सदरे आलम बेग मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने कोतवाल देवेंद्र शर्मा को सूचना दी। कुछ समय बाद कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके मरीज की सांसे चल रही थी। मरीज को देखने के बजाय डॉक्टर ने भाई कमलेश को थप्पड़ मार दिया। कोतवाल ने आश्वासन दिया कि वह अपनी तहरीर लेकर आए डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इसके बाद परिजन सड़क से हटे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सर्वेश के भाई कमलेश ने आरोपी भोला, भाई इंद्रेश, पिंकेश और मां श्यामा देवी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष अजय चौहान ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। भोला को हिरासत में ले लिया गया है। भोला की बहन अंजू ने बताया कि भतीजे विकास से हुए मामूली विवाद में मंगलवार को सर्वेश और भोला में झगड़ा हुआ था।