जेल में मिले सामान को थैले में लेकर आते एएसपी व सीओ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार को सेंट्रल जेल में डीएम, एसपी ने छापा मारा। बैरक पांच से तीन मोबाइल, पांच चार्जर, दो ईयरफोन बरामद हुए। डीएम ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम प्रकाश बिंदु, एसपी सुभाष सिंह बघेल ने एएसपी अशोक कुमार, एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर सिंह, सीओ सिटी आलोक सिंह के साथ ही कई चौकी प्रभारी और एसओ, इंस्पेक्टर के साथ सेंट्रल जेल में दोपहर के वक्त छापा मारा। अफसरों को देख जेल प्रशासन अपनी खामियां को छिपाने में जुट गया।
छापे के दौरान बैरक पांच से तीन मोबाइल, पांच चार्जर, दो एयरफोन, एक डायरी बरामद हुई। इस डायरी में कई नंबर लिखे हैं। इसे अफसरों ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अफसरों ने जेल की सारी बैरक चेक कीं। जेल में बंद कैदियों के सामान की तलाशी भी ली। जेल के अस्पताल में पहुंच कर निरीक्षण किया। मिलाई करने वालों की भी तलाशी ली गई।
डीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक वेदप्रकाश त्रिपाठी नहीं थे। उनके लखनऊ जाने की बात बताई गई। चेकिंग के दौरान जेल की बैरक संख्या पांच में मोबाइल समेत अन्य सामान मिलने की बात स्वीकार की है। उधर, एसपी का कहना है कि बरामद मोबाइल को सर्विलांस पर लगा कर जांच कराई जाएगी। इसके बाद कार्रवाई होगी। जेल के अधिकारियों व कैदियों में से जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।