मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव बाबरपुर में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक व युवती ने जान दे दी। दोनों के परिजनों ने मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। वहीं गांव वालों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि ग्रामीणों से जानकारी मिली है कि बुधवार की रात बाबरपुर निवासी युवती रेनू ने फांसी लगाकर जान दे दी।
गुरुवार को उसके परिजनों ने उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं गुरुवार को इसी गांव के युवक राम सिंह की भी हालत बिगड़ गई। इस पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी भी मौत हो गई। थानाध्यक्ष के अनुसार ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि युवक व युवती में प्रेम प्रसंग चल रहा था।
किसी बात को लेकर पहले युवती ने जान दी तो उसका पता चलने पर युवक ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी भी मौत हो गई। इस पर वह पुलिस बल के साथ गांव गए तो युवती के घर पर कोई भी नहीं मिला। वहीं युवक के परिजनों ने पूछताछ के दौरान बताया कि युवक की मौत फेफड़ों में संक्रमण के कारण हुई है। अभी तक मामले में किसी ने कोई शिकायत या तहरीर नहीं दी है। किसी के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है। जांच के बाद न्यायोचित कार्रवाई की जा रही है।