जेई की घायल पत्नी को ले जाती महिलाएं।
- फोटो : amar ujala
इटावा-बरेली हाईवे किनारे स्थित बिजली विभाग के अवर अभियंता के घर में शनिवार को दिनदहाड़े बदमाश घुस गए। जेई की पत्नी को पीटकर घायल कर दिया। बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और पत्नी के गले से सोने की चेन, कानों से कुंडल और दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में परिजनों से पूछताछ की।
फतेहगढ़ के मोहल्ला नेकपुर चौरासी निवासी राकेश कुमार बिजली विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात हैं। वह राजस्थान बाला जी मंदिर दर्शन करने गए हैं। उनके घर पर पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। शनिवार को दोपहर करीब एक बजे चार-पांच युवक कार से आए और हाईवे किनारे गाड़ी खड़ी कर जेई का दरवाजा खटखटाया। जेई द्वारा काम से भेजे जाने का बहाना बनाकर दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही सभी बदमाश घर में घुस गए और जेई की पत्नी मनोज कुमारी को पकड़ लिया। मुंह बंद कर उनका मोबाइल कब्जे में करने के बाद बदमाश उन्हें पीटने लगे। इससे वह घायल हो गईं। बच्चों को तमंचा और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। वह कैश व जेवर के संबंध में बार-बार पूछते रहे। इसी दौरान जेई की पुत्री सोनम ने चुपचाप पिता को दूसरे मोबाइल से फोन कर घटना की जानकारी दी।
इसकी भनक लगने पर बदमाशों ने पुत्री से मोबाइल छीन लिया और पत्नी के गले से सोने की चेन, कानों से कुंडल कब्जे में ले लिए और भाग गए। करीब आधे घंटे तक बदमाश घर में रहे। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनोज कुमारी का अस्पताल में उपचार कराया। कोतवाल ने पुत्री सोनम से घटना की जानकारी ली। कोतवाल अनूप कुमार ने बताया कि बदमाशों ने लूट का प्रयास किया है। घटना को लेकर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।