बजीरपुर गांव निवासी हरीकृष्ण की गर्भवती पुत्री सविता का शव बृहस्पतिवार को गन्ने के खेत में पड़ा मिला। दो दिन पहले दोस्तों के साथ आए पति ने फोन कर उसे गांव के बाहर बुलाया था। इसके बाद से सविता लापता थी और उसका मोबाइल भी बंद था। भाई ने परिवार की किसी महिला से अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए पति, जेठ समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्र्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक हरीकृष्ण ने अपनी पुत्री सविता (20) की शादी 24 अप्रैल 2018 को जहानगंज क्षेत्र के चौकिया महमदपुर गांव निवासी महेश नारायण के पुत्र अमित के साथ की थी। सविता पांच माह की गर्भवती थी। शादी के बाद पहली होली पर तीन मार्च को सविता मायके आई थी। 26 मार्च को अमित दो बाइकों से अपने तीन दोस्तों के साथ बजीरपुर पहुंचा और सविता को फोन कर गांव के बाहर मिलने को बुलाया। इसके बाद से सविता घर नहीं पहुंची। उसका मोबाइल बंद मिलने पर मायके वालों ने तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार को भाई रामप्रताप व पिता ने सविता की ससुराल जाकर जानकारी की तो अमित व उसके भाई प्रमोद ने कहा कि एक-दो दिनों में सविता घर पहुंच जाएगी। गुरुवार सुबह पिथनापुर गांव निवासी पूर्व प्रधान पप्पू सिंह के गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने सविता का शव पड़ा देख गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।
सूचना पर थानाध्यक्ष वीके गंगवार, तहसीलदार राजू कुमार, एएसपी त्रिभुवन सिंह ने मामले की जांच की। शव के चेहरे पर जंगली जानवर के नोचने के निशान थे तथा पास में चप्पलें, खून व टूटी हुई चूड़ियां पड़ी थीं।
सविता के भाई ने आरोप लगाया कि बहनोई अमित के परिवार की किसी महिला से अवैध संबंध हैं और ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर सविता का उत्पीड़न करते थे। सविता पर गर्भपात कराने का दबाव भी बनाया जा रहा था। भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति, जेठ प्रमोद, जेठानी, मोहम्मदाबाद क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी ननदोई मुकेश कुमार व मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गढ़िया ढिलावल गांव निवासी दोस्त अतुल कुमार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।