चोरों ने सराफा दुकान से लाखों के जेवर और रुपये पार कर दिए। चोरी की सूचना पर बाजार में व्यापारियों का जमावड़ा लग गया। व्यापारी नेताओं ने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला बाबूजी गली मजीद स्ट्रीट निवासी अजय अग्रवाल की मुख्य मार्ग नेहरू रोड पर सराफा की दुकान है। अजय पिता नरेश चंद्र के साथ दुकान संभालते हैं। शुक्रवार को अजय दुकान बंद कर घर चले गए। रात किसी समय चोर दुकान की छत पर लगे जाल का कुंडा तोड़ कर नीचे उतर गए। काउंटर के लाक तोड़कर रुपये और सोने-चांदी के गहने लेगए। घटना को अंजाम देने के बाद छत के रास्ते से भाग गए। शनिवार की सुबह अजय पिता के साथ दुकान खोलनेे पहुंचे। तब घटना की जानकारी हुई। सूचना पर व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ समेत व्यापारी नेता मोहन अग्रवाल व अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। शहर कोतवाल संजीव राठौर घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। चोरी, लूट की बढ़ती वारदातों को लेकर व्यापारियों ने कोतवाल से आक्रोश जताया। व्यापारियों का कहना है कि कमोबेश हर दिन किसी न किसी क्षेत्र में घटनाएं हो रही हैं। पुलिस न तो खुलासा कर पा रही है न ही घटनाओं पर अंकुश लगाने में सफल है। चोरों के कारनामों के सामने पुलिस पस्त पड़ गई है। व्यापारी नेताओं ने घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है। पीड़ित दुकानदार अजय अग्रवाल ने दी गई तहरीर में बताया कि चोर दुकान से 70 हजार रुपये और करीब डेढ़ लाख के जेवर चोरी कर ले गए।