घायल आरिफ को स्ट्रेचर पर लेकर जाते स्वास्थ्य कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। कासगंज- कानपुर रेल मार्ग पर बुधवार शाम शिकोहाबाद-कासगंज पैसेंजर ट्रेन में चढ़े युवकों ने यात्रा कर रहीं महिलाओं से छेड़खानी की। विरोध करने पर चलती ट्रेन में मारपीट हुई, जिससे महिलाओं, बच्चों समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रेन के फर्रुखाबाद पहुंचने पर घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवकों ने ट्रेन की बोगी पर पथराव किया।
फर्रुखाबाद कोतवाली के तिकोना पुलिस चौकी क्षेत्र के मोहल्ला तलैया साहबजादगंज निवासी मो. शाकिर अपने परिवार के साथ मैनपुरी जिले के कसबा भोगांव निवासी रिश्तेदार इब्राहिम की बेटी की शादी में गए थे। वह बुधवार शाम परिवार के करीब 24 लोगों के साथ शिकोहाबाद- फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन में सवार हुए। आरोप है कि फर्रुखाबाद जिले के नीब करोरी स्टेशन से करीब चार किलोमीटर पहले किसी ने ट्रेन में चेन पुलिंग की।
इस दौरान बोगी में दर्जनभर युवक चढ़ गए। एक युवक ने परिवार की महिला से अभद्रता कर दी। विरोध करने पर दूसरे युवक भी अभद्रता करने लगे। इस पर शाकिर व उनके बेटे ने विरोध किया। गुस्साए युवक मारपीट करने लगे। एक युवक ने मोबाइल से अपने कुछ दोस्तों को सूचना दे दी। ट्रेन चंद कदम चली थी कि कुछ लोग लाठी डंडे लेकरे आ गए। गांव के सामने चेन पुलिंग कर दोबारा ट्रेन रोक ली।
आरोप है कि युवकों ने बच्चों व महिलाओं को पीटने के बाद जेवर, मोबाइल व नकदी, कीमती कपड़ों से भरे बैग छीन ले गए। इसके बाद पथराव कर बोगी के शीशे तोड़ दिए। ट्रेन के फर्रुखाबाद स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने एंबुलेंस से मो. शाहिद (45), आशिया बेगम (42), शाकिर (20), आसिम, महनाज, शहनाज, आरिफ, अर्शी, फैजान व अरशान को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जीआरपी थाना प्रभारी राजेश दुबे का कहना है कि घटनास्थल मैनपुरी जीआरपी क्षेत्र का है। उन्हें बता दिया गया है। घायलों से पूछताछ के बाद रिपोर्ट भेज दी जाएगी। अभी लिखित तहरीर नहीं मिली है।