हाते के निर्माण के दौरान मजदूर एचटी लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत
हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव रख जाम लगाने का प्रयास किया तो
एसओ ने समझाकर रोक लिया। इस दौरान सीओ सिटी समेत कई थानों का फोर्स मौके पर
पहुंच गया। पुलिस ने हाता मालिक और मजदूर के परिजनों में समझौता कराया।
कानूनगो ने मृतक के परिजनों को
पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलवाए जाने का
आश्वासन दिया। कस्बा निवासी राकेश गुप्ता अपने हाते का निर्माण करा रहे
हैं। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर नाहरौसा निवासी कुलवीर पुत्र
अजय कुमार उनके यहां मजदूरी कर रहा था। बुधवार को कुलवीर दीवार पर खड़े
होकर बीम बांध रहा था। तभी ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन उसके सिर में छू गई।
इससे वह
चिपक कर छटपटाने लगा। चीख सुनकर ग्रामीणों ने लाठी डंडों की मदद
से उसे छुड़ाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ मिनट बाद बिजली जाने से वह नीचे
गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राकेश आदि ग्रामीण प्राइवेट वाहन से उसे
नर्सिंग होम ले गए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर
मृतक की पत्नी ममता देवी व अन्य परिजन भी पहुंच गए। कुलवीर
का शव लेकर
परिजन और ग्रामीण वापस घटनास्थल पर पहुंचे। इधर, एसओ कुलदीप दीक्षित,
चेयरमैन विजय गुप्ता, सीओ सिटी योगेश कुमार, कायमगंज कोतवाल रूम सिंह यादव,
मऊदरवाजा एसओ सुनील यादव, कानूनगो प्रमोद पांडेय और कल्लू यादव भी पहुंच
गए। गुस्साए ग्रामीणों ने शव रख जाम लगाने का प्रयास किया तो एसओ ने समझाकर
शांत किया। पुलिस ने राकेश
गुप्ता और मृतक के परिजनों में समझौता करा
दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया। कानूनगो ने
आश्वासन दिया कि पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजनों को आर्थिक
सहायता दिलवाई जाएगी। चेयरमैन ने कहा कि क्षेत्र में जर्जर तार लटक रहे
हैं। वह कई बार तारों को टाइट करवाने की मांग कर चुके हैं लेकिन सुनवाई
नहीं हो रही है।