आबकारी विभाग ने कंपिल के कटिया रोड पर अंग्रेजी शराब की दुकान में हरियाणा
प्रांत की शराब बिकने की सूचना पर छापा मारा। टीम ने भारी मात्रा में
हरियाणा की शराब को कब्जे में कर सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने
दुकान को सील कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि दुकान को निलंबित
करने की कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी निरीक्षक नितिन कुमार राय को
सूचना मिली कि कंपिल के कटिया रोड पर नगर पंचायत मार्केट स्थित अंग्रेजी
शराब की दुकान में हरियाणा प्रांत की शराब बेची जा रही है। इस पर आबकारी
निरीक्षक नितिन राय ने इसकी जानकारी आबकारी अधिकारी लालमणि यादव को दी।
इसके बाद आबकारी टीम ने कंपिल एसओ सुदीप मिश्रा को घटना के बारे में सूचना
दी।
स्थानीय पुलिस की मदद से फोर्स ने अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापा
मारा। इस दौरान एसडीएम कायमगंज बीडी वर्मा, कायमगंज कोतवाल रुमसिंह यादव,
सीओ सिटी योगेश कुमार समेत अन्य फोर्स भी पहुंच गया। पुलिस और आबकारी के
छापे की सूचना पर हड़कंप मचा रहा। पुलिस और आबकारी की टीम ने दुकान के
सेल्समैन रोहित राजपूत निवासी बारहा पत्थर
थाना कंपिल को हिरासत में ले
लिया। टीम ने दुकान के अंदर हरियाणा प्रांत की शराब को बरामद कर कब्जे में
कर लिया। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि दुकान के अंदर 17 बोतल, 76 हाफ, 171
क्वाटर हरियाणा प्रांत के बरामद हुए। बताया कि दुकान को सील कर दिया गया
है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुकान को निलंबित करने की कार्रवाई की
जा रही है। अंग्रेजी शराब के दुकान मालिक प्रवीन चौहान निवासी बरखेड़ा थाना
कंपिल है।