मोहम्मदाबाद में छत के रास्ते से पूर्व सैनिक के घर में सोमवार की रात घुसे
चोरों ने करीब आठ लाख का माल चोरी कर लिया। घटना के दौरान परिवार के लोग
छत पर सो रहे थे। उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलने पर पहुंची
पुलिस ने जांच पड़ताल की। घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
कोतवाली
क्षेत्र के गांव नगला अखई निवासी पूर्व सैनिक सकटेलाल राजपूत के आसपास दो
मकान हैं। सोमवार की रात एक मकान में इनकी बेटी राखी पत्नी सर्वेश राजपूत,
दूसरी बेटी का बेटा अजय लेटे थे। दूसरे मकान में खुद सकटेलाल छत पर सो रहे
थे। रात के समय चोर उस मकान में पहुंचे जहां राखी व बाकी लोग सो रहे थे। यह
छत के रास्ते सीढ़ियों से मकान में उतर गए। कमरों को खोलने के बाद बक्सों
और अटैचियों पर हाथ साफ किया। श्रंगारदान में रखी अलमारी की चाबी
इनके हाथ
लग गई। इससे अलमारी खोल कर चोरों इसमें रखे सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए।
इसके बाद चोर दूसरे मकान में पहुंचे और 50 हजार रुपये निकाल ले गए। चोरी के
बाद भागते समय मकान से कुछ दूरी पर ये चाबियां फेंक गए। सुबह राखी कमरे
में पहुंची तो अलमारी व बक्से खुले पड़े थे। सारा सामान गायब था। चोरी का
पता चलते ही उसने पिता व बाकी लोगों को सूचना दी। उधर, सूचना पर कोतवाल
केबी सिंह मौके पर पहुंचे। इन्होंने जांच की। सकटेलाल की तहरीर पर
पुलिस ने
रिपोर्ट दर्ज कर ली। उन्होंने बताया कि चोर करीब 8 लाख रुपये की कीमत के
जेवर और 50 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। सकटेलाल ने बताया कि पत्नी मायके
और बेटा राहुल अपनी पत्नीी को लेकर छिबरामऊ ससुराल गया था। घर में उसके
अलावा विवाहित बेटी और नाती ही थे। चोरों ने इस तरह वारदात को अंजाम दिया
कि उन लोगों को भनक तक नहीं लगी।