चोरों ने एक ही गांव के दो घरों से हजारों रुपये और
जेवर पार कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एक
पीड़ित ने चोरी की तहरीर दी है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
थाना
क्षेत्र के गांव फरीदपुर सैदवाड़ा निवासी हरपाल पत्नी विमला देवी के साथ
शुक्रवार को रिश्तेदारी में फर्रुखाबाद गए थे। घर में पुत्र छोटू और पुत्री
सोनी थे। रात में दोनों छत पर जाकर लेट गए। रात में मकान के पास स्थित गली
से दीवार फांदकर चोर घर में घुस गए।
चोरों ने कमरे का ताला तोड़
दिया और पीपा में रखे 25 हजार रुपये और करीब 20 किलो चीनी उठा ले गए।
शनिवार की सुबह सोनी नीचे आई तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। सोनी ने घटना
की जानकारी पिता हरपाल को दी।
इसी गांव के जगराम और पत्नी सुशीला
देवी थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव नाहरौसा में रिश्तेदारी में गए थे। घर
में ताला लगा था। रात में चोर मुख्यगेट का ताला तोड़ घर में घुस गए। चोर
कमरे में रखे एक बक्से का ताला तोड़कर नकदी और जेवर निकाल लिया और दूसरा
बक्सा उठा ले गए।
शनिवार को जगराम के भाई तेजराम ने घर का ताला
टूटा देखा तो उसको सूचना दी। जगराम ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मौके पर
पहुंची और जांच की।
जगराम ने बताया कि चोर बक्से से दो हजार रुपये,
चांदी की करधनी और पायलें ले गए। चोर जो बक्सा ले गए हैं, उसमें पीतल के
बर्तन रखे थे। फैजबाग चौकी इंचार्ज एमपी सिंह ने बताया कि जांच के बाद
रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।