फर्रुखाबाद। विश्व प्रसिद्ध संकिसा स्थित बौद्ध बिहार में पिछले दिनों हुई लूट में पुलिस ने महिला समेत दो को गिरफ्तार कर घटना के खुलासे का दावा किया है। लूटकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने इनाम दिया है। हालांकि गैंग लीडर और उसके पांच साथी अभी भी पुलिस की पकड़े से दूर हैं। पुलिस ने शातिरों के पास से लूट गया माल व नगदी बरामद किया है।
मेरापुर थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर तिराहा स्थित बौद्ध बिहार पुस्तकालय महासंता में 13 मई की रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल कर बौद्ध भिक्षुओं के साथ मारपीट कर बंधक बना लिया था। पुलिस ने लूटपाट की घटना को चोरी में दर्ज कर किया था। इस घटना की जानकारी करने के लिए भाजपा सांसद मुकेश राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य और मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मौके पर जाकर जानकारी ली। बदमाशों की मारपीट में भंते चेतसिक बौद्ध, शीलभद्र, राहुलप्रिय और उपासक संदीप, संजीव घायल हो गए। शासन ने इस घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी मृगेंद्र सिंह ने मेरापुर एसओ देवेंद्र कुमार के साथ ही स्वाट और सर्विलांस टीम को खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने सर्विलांस के सहारे दो लोगों को पकड़ लिया। सोमवार को एसपी ने पुलिस लाइन में वार्ता के दौरान बताया कि मेरापुर के भूड़नगारिया निवासी धर्मेद्र कुमार और जिला एटा सकीट थाना के दत्तपुर कुंजपुर गांव निवासी रामनरेश की विधवा सवित्रीदेवी को मुखबिर की सूचना पर मेरापुर के भूड़नगारिया स्थित दुर्वीन के आम के बाग रविवार की रात माल के बंटवारे करने की सूचना पर छापा मारा गया। इस दौरान पुलिस ने धर्मेद्र और सवित्री को पकड़ लिया। उनके अन्य साथी वहां से भाग निकले। पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों से एक एलसीडी, सेटअप बाक्स, डीबीडी प्लेयर, छह तांबे के पूजा बर्तन, सात पीतल की कटोरी, दो पीतल की केतली, एक पीतल का लोटा, एक पीतल का कड़ा हुआ पूजा का पात्र, 21 पीतल के दीपक, एक परात कांसे की, एक गैस सिलेंडर, एक चोरी की बाइक, एक 315 बोर तमंचा, दो कारतूस, लूटे गए रुपयों में 10,106 रुपये और लूटे गए दो मोबाइल बरामद हुए। खुलासा करने वाली टीम को ईनाम दिया गया।