थाने में रखे बरामद किए गए शराब के पौव्वे।
- फोटो : अमर उजाला
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव खेतलपुर सौरिया में पुलिस से रिटायर दीवान के घर से हरियाणा की शराब के 700 पौव्वा बरामद हुए। पूर्व दीवान के पुत्र को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। हरियाणा से शराब के पौव्वा लाकर बिक्री होने की मुखबिर की सूचना पर कंपिल थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने दरोगा दलवीर सिंह और पुलिस कर्मियों के साथ गांव खेतलपुर सौरिया में दबिश दी।
सिपाही ओम प्रकाश सादा वर्दी में रिटायर दीवान अहिबरन सिंह यादव के पुत्र संजय यादव के घर गया और शराब का पौव्वा मांगा। 50 रुपये देने पर सिपाही को पौव्वा मिला। सिपाही उसको लेकर एसओ के पास आया और दिखाया। इसके बाद एसओ ने टीम के साथ घर पर दबिश दी।
पुत्र संजय यादव को हिरासत में लिया। इसके कमरे से बोरी में भरे 700 पौव्वा हरियाणा शराब के बरामद किए। इनको जब्त कर पुलिस संजय को लेकर थाने आई। एसओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान संजय ने बताया कि हरियाणा से पौव्वा 15 रुपये का मिलता है, जिसको वह यहां लाकर 40 से 50 रुपये में एक पौव्वा बेचता है। यह कारोबार काफी समय से चल रहा था।