शहर क्षेत्र में शनिवार की शाम दो संप्रदायों के आमने -सामने आने पर एसपी के निर्देश पर जिले भर का पुलिस फोर्स बुला लिया गया। थाना जहानगंज मेें कार्यरत सिपाही जुवैर खां को घटना स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया तो उन्होंने एसपी के आदेश को नकार दिया। इस संबंध में दीवान ने एओ को जानकारी दी तो एसओ ने दीवान को सिपाही के विरुद्ध रपट लिखने के निर्देश दे दिए। एसओ के निर्देश पर दीवान ने रपट लिख दी तो सिपाही जुवैर ने डंडा लेकर दफ्तर में ही दीवान की जमकर पिटाई कर दी। इससे दीवान को गंभीर चोर्टें आइं। दीवान का आरोप है कि वह दलित जाति से है। सिपाही ने उसे जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियां दीं।
थाना जहानगंज में कार्यरत जुवैर अहमद चर्चित सिपाहियों में माना जाता है। शहर क्षेत्र में दो संप्रदायों के बीच पथराव और गोलीबारी की घटना को देखते हुए जिले भर के सिपाही और दरोगाओं को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों का सिपाही जुवैर ने पालन नहीं किया। रपट लिखने पर दीवान रामनाथ को मारपीट कर घायल कर दिया।
दीवान का थाने के दरोगा महेश सिंह ने सीएचसी कमालगंज ले जाकर डाक्टरी परीक्षण कराया। इसमें दीवान के चेहरे व शरीर में कई जगह चोटों के निशान पाए गए । इस संबंध में थानाध्यक्ष जहानगंज प्रदीप यादव ने बताया कि अधिकारियों को बता दिया गया है। उच्च अधिकारी कहेंगे तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आम चर्चा है कि सिपाही जुवैर का सत्ता पक्ष के एक बड़े नेता से संबंध होने के कारण वह कई बार ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है।