फर्रुखाबाद। भाजपा सांसद के बेटे अमित राजपूत के साथ मारपीट करने के मामले में आरोपी दरोगा मोहम्मद आसिफ ने मंगलवार की देर रात भाजपा सांसद के बेटे पर भी सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा गया है कि बाइक के गिरने से उस पर बैठा मुल्जिम फरार हो गया। इससे पहले दरोगा और सिपाही ने लोहिया अस्पताल में अपना मेडिकल कराया।
शहर कोतवाली के आईटीआई चौराहा निवासी भाजपा सांसद मुकेश राजपूत का बेटा अमित मंगलवार शाम को स्कूटी से अपने स्कूल में हो रहे निर्माण कार्य को देखने के लिए बाल्मीकि बस्ती से होकर जा रहा था। उसी समय बजरिया चौकी प्रभारी मोहम्मद आसिफ की बाइक में अमित का कुर्ता फंस जाने पर दरोगा की बाइक गिर पड़ी। इसमें दरोगा और उस पर बैठा सिपाही घायल हो गए। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि दरोगा ने सांसद पुत्र के साथ मारपीट की। इस पर भाजपाइयों ने थाने में जमकर बवाल किया था। बवाल के दौरान मऊदरवाजा इंस्पेक्टर राजेश पाठक ने अपना इस्तीफा देने की भी पेशकश कर दी थी। अफसरों ने जैसे-तैसे मामले को शांत किया। बाद में सांसद पुत्र की तहरीर पर दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
इसके कुछ देर बाद देर रात दरोगा मोहम्मद आसिफ ने भी अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही दरोगा और उसके साथ रहे सिपाही सनद तिवारी ने लोहिया अस्पताल में अपना मेडिकल कराया। दर्ज कराई गई रिपोर्ट में दरोगा ने बताया है कि वह बाइक से एक मुल्जिम को लेकर सिपाही के साथ चौकी जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे अमित राजपूत ने जानबूझ कर उनकी बाइक के हैंडल में टक्कर मार दी, जिससे उनकी बाइक गिर पड़ी।
उनका पैर बाइक में फंस गया। सिपाही पैर निकालने के लिए बाइक को सीधा करने लगा। उसी दौरान मौका पाकर मुल्जिम वहां से भाग गया। उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला। रिपोर्ट में कहा गया कि अमित ने मुल्जिम को भगवा दिया, जिससे सरकारी कार्य में बाधा आई।
मऊदरवाजा एसओ पर भी गिरी गाज, मोहम्मदाबाद भेजे गए
फर्रुखाबाद। भाजपा सांसद के बेटे के साथ हुई मारपीट की गाज मऊदरवाजा थाना प्रभारी राजेश पाठक पर भी गिरी है। उन्हे वहां से हटाकर मोहम्मदाबाद कोतवाल बनाया गया। इसके साथ ही कई अन्य थाना प्रभारियों को इधर से उधर किया गया है। पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्र ने फतेहगढ़ कोतवाल अतर सिंह को कोतवाली कायमगंज प्रभारी और यहां पर तैनात कोतवाल भुवनेश कुमार को मऊदरवाजा थाना प्रभारी बनाया है। दधिबल तिवारी को क्राइमब्रांच से कोतवाली फतेहगढ़, दरोगा प्रदीप सिंह को लाइन से एसओ नवाबगंज और यहां पर तैनात एसओ प्रमोद शुक्ला को क्राइमब्रांच, राजेपुर एसओ राजबहादुर को मेरापुर एसओ बनाया है। मेरापुर एसओ सुशील कुमार को राजेपुर एसओ, दरोगा रविंद्रनाथ यादव को लाइन से एसओ शमसाबाद, मोहम्मदाबाद कोतवाल संजीव राठौर को एसपी वाचक बनाया गया है। शमसाबाद एसओ वीरपाल सिंह तोमर को एसएसआई मोहम्मदाबाद और दीपक कुमार को लाइन से एसएसआई फतेहगढ़ बनाया गया है।
इनसेट
कानूनी कार्रवाई में कोई अड़चन नहीं डालेंगे
अगर मेरे पुत्र ने गलती की है तो पुलिस को छापेमारी करनी चाहिए। यह पुलिस के अधिकार का क्षेत्र है। कप्तान स्वयं उनके घर छापा मारने जाएं। कानूनी कार्रवाई में वह कोई अड़चन नहीं डालेंगे। इस मामले को वह प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखेंगे।
मुकेश राजपूत (सांसद)