अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर/बेरी।
क्राइम के मामले में बेरी थाना क्षेत्र अब हॉट स्टेशन बनता जा रहा है, जिसके चलते अब क्षेत्र में भय का माहौल पैदा होने लगा है। क्राइम का आलम ये है कि थाना क्षेत्र में 10 दिन के दौरान तीन बार गोलियां चल चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले में अभी तक पुलिस के हाथ आरोपियों तक नहीं पहुंच सके हैं। एक मामले में तो आरोपी ने पुलिस के सामने ही युवक को गोली मारी है, जिसके बावजूद पुलिस आरोपी को काबू करने में नाकाम रही है। ऐसे हालात में अब लोगों के बीच असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
केस नंबर 1
24 जुलाई सोमवार को सुबह दूबलधन गांव निवासी बिजेन्द्र अपने पशुओं वाले प्लाट से दूध लेने जा रहा था तो उसी दौरान ही पहले से ही घात लगाए बैठे गांव के ही ईश्वर, सतीश व नरेश ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इससे पहले कि बिजेन्द्र कुछ समझ पाता, वह बुरी तरह से खून से लथपथ होकर सड़क पर जा गिरा। रक्तस्त्राव ज्यादा होने की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी युवक मृतक के चचेरे भाई बताए जाते हैं, जोकि घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
केस न 2
सोमवार 31 जुलाई देर रात को गांव दूबलधन के माजरा रोड़ पर बने एक शराब के ठेके पर अचानक पहुंचे आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग की। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद शराब के ठेकेदार पर भी फायरिंग की, लेकिन ठेकेदार ने वहां खड़े शराब से भरे कैंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। बाद में यह हथियारबंद बदमाश शराब के ठेके में घुस गए और ठेके से लगभग 40 हजार कैश लूट लिया। इन्होंने ठेके के अंदर तोड़फोड़ करने के अलावा ठेके के बाहर खड़ी दो गाड़ियों मेें भी तोड़फोड़ की। घटना को अंजाम देने वाले युवक कौन थे और उनका घटना के पीछे मकसद क्या था इस बात का तो खुलासा नहीं हो पाया है। घटना को अंजाम देने वाले युवकों की पहचान नहीं हुई।
केस न 3
गुरुग्राम में हत्या की वारदात को अंजाम देकर मंगलवार एक अगस्त को दूबलधन में छिपे कुख्यात भीमा को काबू करने गई सीआईए टीम को चकमा देकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान भीमा ने अपने ही शरण देने वाले साथी राहुल को पुलिस की मौजूदगी में गोली मार दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घायल राहुल का इलाज पीजीआई में चल रहा है। मामले में पुलिस के द्वारा भीमा और राहुल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं।
वर्जन
पिछले 10 दिनों में गांव दूबलधन में हुई तीनों वारदात में किसी भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। उनका पूरा प्रयास है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- संदीप कुमार, बेरी थाना प्रभारी।
- बेरी थाना क्षेत्र के गांव दूबलधन में हुई तीनों वारदात