पेट्रोलपंप सेल्समैन के साथ लूटपाट की घटना को पुलिस ने जांच के बाद
टप्पेबाजी में बदल दिया है। पुलिस का कहना था कि सिपाही टप्पेबाजों का
सहयोग करता था। सिपाही की वारदाताें में संलिप्तता भी पाई गई। शातिरों की
मदद में सिपाही को मोटी रकम मिलती थी। एसपी विजय यादव से शिकायत होने के
बाद हरकत में आई स्वाट टीम ने सिपाही समेत चारों को दबोचा था।
जिला एटा
की सदर कोतवाली के मोहल्ला जगन्नाथपुरी निवासी हरिओम यादव जीटी रोड स्थित
अग्रवाल पेट्रोलपंप में सेल्समैन हैं। इन्हें 29 जनवरी को फोन कर प्लाट
खरीदवाने के लिए राज गुप्ता ने बुलाया था। हरिओम 30 जनवरी को प्लाट देखने
शहर आए। यहां दो वर्दीधारी बदमाशों ने इन्हें पकड़ लिया और मारपीट करके 85
हजार रुपये लूट लिए थे। इसकी शिकायत होने पर एएसपी ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
स्वाट टीम ने फतेहगढ़ कोतवाली में तैनात सिपाही गोविंद यादव को दबोच लिया।
सिपाही की निशानदेही पर स्वाट टीम ने फतेहगढ़ कोतवाली के लोको कालोनी
निवासी इशू दीक्षित, थाना मऊदरवाजा के गांव नीवलपुर निवासी गिरीश जोशी और
जिला फिरोजाबाद थाना टूंडला के गांव जलोपुरा निवासी राजू पचौरी को दबोच
लिया। छह दिन पूछताछ के बाद शनिवार को शहर कोतवाली पुलिस ने सिपाही गोविंद
और उसके तीन साथियों को कोर्ट में पेश किया। यहां से चारों को जेल भेज दिया
गया।
कोतवाल आरपी यादव ने बताया कि सिपाही पकड़े गए टप्पेबाजों की मदद
करता था। उस दिन भी लूट नहीं हुई थी। टप्पेबाजी हुई थी। उन्होंने बताया कि
इससे पहले भी घटनाओं की जानकारी हुई है। सिपाही के साथ अन्य वर्दीधारी के
बारे में भी जांच की जा रही है।
टप्पेबाजों को इससे पहले भी बचाया
नेकपुर पुल के पास कुछ समय पहले एक ग्रामीण को इन टप्पेजाबों ने शिकार
बनाया था। तब सिपाही गोविंद ने इन टप्पेबाजों को बचा कर भगा दिया था। यह
बात भी पुलिस की जांच में सामने आई। इसमें रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस
का कहना था कि इन लोगों के खिलाफ एक मामला ही दर्ज है।
नीवलपुर से दिखाई गिरफ्तारी
आवास विकास चौकी प्रभारी डीसी कुमार ने थाना मऊदरवाजा के गांव नीवलपुर
निवासी गिरीश जोशी के घर से शुक्रवार की रात गिरफ्तारी दिखाई। डीसी कुमार
का कहना था कि मुखबिर ने सूचना दी कि टप्पेबाजी गिरोह के सदस्यों के वहां
पर होने की सूचना दी गई। इस पर पुलिस ने छापा मारा। यहां से गिरीश समेत
चारों को गिरफ्तार किया गया।