पेट्रोल पंप के बाहर धू धू कर जलती मारुति वैन।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। शहर के रोडवेज बस अड्डे के सामने स्थित पेट्रोप पंप पर गुरुवार की शाम एक वैन में आग लग गई। पेट्रोल पंप कर्मियों और कार में सवार लोगों ने धक्का देकर उसे सड़क पर किया। बाद में फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
गुरुवार की शाम करीब 6 बजे एक मारुति वैन चालक पेट्रोल पंप आया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने गाड़ी में पेट्रोल डाल दिया। चालक ने जैसे ही गाड़ी स्टार्ट की, शार्ट सर्किट से कार में आग लग गई। कार में गैस किट भी लगी थी। आनन फानन में पंप कर्मचारियों और कार सवार लोगाें ने कार को पंप से हटा कर सड़क पर लाकर खड़ा करा दिया। देखते ही देखते कार धू धू कर जलने लगी।
इस दौरान कार चालक और उस पर सवार लोग वहां से फरार हो गए। कार को आग का गोला बना देख आसपास के दुकानदार आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने पर दमकल मौके पर पहुंची। हालांकि इस दौरान स्थानीय लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है। कोतवाल प्रमोद शुक्ला ने बताया कि कार में अचानक आग लग गई। चालक गाड़ी छोड़ कर भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है।