कमरे में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
मोहल्ला पलरिया में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों की नगदी और जेवर चोरी कर ले गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। डॉग स्क्वाएड टीम ने भी जांच की लेकिन कोई हल नहीं निकला। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई।
शहर कोतवाली के मोहल्ला पलरिया निवासी दिवंगत रिटायर्ड टेलीफोन कर्मचारी गंगा सिंह की पत्नी शांति देवी के दामाद प्रेमनरायन की तबियत खराब है। उनका इलाज आगरा में चल रहा है। दामाद को देखने के लिए शांति देवी अपने परिवार के साथ आगरा गई थी। मकान में ताला लगा था। शनिवार रात चोर बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर घुस गए। कमरों में लगे तालों को तोड़ा और अंदर घुस गए।
चोरों ने कमरों में रखी अलमारी, अटैचियों और बक्सों से नगदी और जेवर के अलावा अन्य सामान चोरी किया। पड़ोसी अतुल श्रीवास्तव ने रविवार तड़के जब मकान के अंदर बिजली जलते देखी तो सूचना मोबाइल फोन से शांति देवी को दी। रविवार रात शांति देवी और उनका बेटा मोहित वर्मा घर पर पहुंचे। अंदर दाखिल हुए तो कमरों की दशा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। सामान बिखरा पड़ा था।
सोमवार सुबह इसकी सूचना मिलने पर कोतवाल देवेंद्र शर्मा फोर्स के साथ मौके पर जा पहुंचे। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई। मोहित ने बताया कि चोर उनकी अलमारी से 2.50 लाख रुपये और तीन लाख के जेवर चोरी कर ले गए। शहर में लगातार चोरी की हो रहीं घटनाओं से लोगों में आक्रोश दिखाई दे रहा है।