फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के चंदौआ गांव से पुलिस ने पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में छेड़छाड़ के मामले में वांछित चल रहे पांच हजार के इनामी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि दो साल से आरोपी फरार चल रहा था।
मऊदरवाजा थाने में सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि दो साल पहले फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के चंदौआ निवासी उमेश पुत्र केदारनाथ के खिलाफ एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप 2017 में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उस पर पांच हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। बताया जाता है कि वह पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर में रह रहा था। सोमवार सुबह करीब 6.50 बजे मुखबिर ने फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि आरोपी उमेश पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में है।
सूचना पर फतेहगढ़ कोतवाल अजय नारायण सिंह ने चंदौआ गांव के पास से उमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि दो साल पहले उमेश और उसके भाई दिनेश के खिलाफ किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। कोर्ट से उमेश के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। उसके ऊपर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।