पत्रकार वार्ता करते एसपी राजेश कृष्ण।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। रिटायर्ड टीचर से मोबाइल पर रंगदारी के लिए पांच लाख रुपये मांगने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने दबोच लिया है। सोमवार को एसपी ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि शातिर ने दुकान हथियाने के लिए रुपयों की मांग की थी। शातिर ने फर्जी आईडी से सिम लेकर रिटायर्ड टीचर से रंगदारी मांगी थी। फर्जी आईडी पर सिम देने वाले दुकानदार की जांच कराई जा रही है।
थाना मऊदरवाजा के गांव बैजूनगला निवासी रिटायर्ड टीचर केशव सिंह राजपूत की गांव में ही दुकान है। कुछ दिन पहले केशव सिंह के मोबाइल पर अलग-अलग नंबर से फोन आए। फोन करने वाले ने केशव सिंह को धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे।
न देने पर उसके बेटे की हत्या की धमकी दी। केशव सिंह फोन आने के बाद घबरा गए और इसकी जानकारी एसओ सुनील यादव को दी। एसओ ने मोबाइल नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर उन नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया। जांच के बाद पुलिस ने फोन करने वाले की शिनाख्त कर ली।
पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। इसके बाद एसओ ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम इजहार अहमद निवासी तुर्कीपुर थाना मऊदरवाजा बताया। एसपी राजेश कृष्ण ने बताया कि इजहार के ऊपर काफी कर्जा हो गया था।
आरोपी की दुकान और केशव की दुकान आसपास है। आरोपी ने अपने ऊपर चढे कर्ज को चुकाने और केशव की दुकान हथियाने के लिए उसको धमकी दी थी। इजहार ने एक दुकान से फर्जी आईडी लगाकर सिम खरीदा था। उस सिम को उसने अपने नौकर के मोबाइल में डालकर केशव को कई बार फोन किए थे। एसपी ने इजहार के पास से मोबाइल भी बरामद कर लिया है।