अस्पताल में भर्ती महिला अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। कचहरी जाने के लिए निकली महिला अधिवक्ता बेहोशी हालत में बिजली घर के पास मिली। उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनोें ने अगवा कर जहर देकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ फतेहगढ़ प्रभारी कोतवाल ने घटना को संदिग्ध बताया है।
नवाबगंज कसबा निवासी रोशनी राजपूत इस समय फतेहगढ़ के मोहल्ला बेवर रोड पर किराये के मकान में रहती है। वह वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमपाल वर्मा और अरविंद के साथ वकालत करती हैं। रोशनी बुधवार सुबह कचहरी जाने के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में कार सवारों ने उन्हें अगवा कर लिया।
इसके बाद उसे एक होटल में ले गए। जहां जबरन जहर पिला दिया गया। इसके बाद उसे भोलेपुर स्थित बिजली घर के पास फेंककर चले गए। इस दौरान रोशनी ने मोबाइल से इसकी जानकारी अधिवक्ता प्रेमपाल वर्मा को दी।
सूचना मिलने पर प्रेमपाल और साथी अरविंद समेत अन्य अधिवक्ता मौके पर पहुंचे। अधिवक्ताओें ने बेहोश हो चुकी रोशनी को मसेनी चौराहा स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी रजनेश चौहान मौके पर पहुंचे।
अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि रोशनी ने उन्हें फोन कर बताया था कि नवाबगंज के रहने वाले जवाहर उसे अपने साथियों के साथ जबरन पकड़कर ले जा रहे हैं। दूसरी तरफ कोतवाली प्रभारी का कहना है मामला संदिग्ध है। जांच की जा रही है।