फर्रुखाबाद। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार झोलाछाप की मौत हो गई, जबकि साथी बीएएसएम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को लोहिया अस्पताल भेजा। एक ग्रामीण को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर से पहिया निकल गया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बीबीगंज निवासी राधाकृष्ण श्रीवास्तव (55) का जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव रूनी चुरसई में क्लीनिक है। बुधवार सुबह वह साथी बीएएमएस छात्र आयुष दुबे (28) के साथ बाइक से क्लीनिक जा रहे थे। शहर की ठंडी सड़क पर पहुंचे। आईटीआई चौराहे के निकट सातनपुर मंडी से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने से राधाकृष्ण का सिर कुचल गया, जबकि आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को लोहिया अस्पताल भेजा, वहां डॉक्टर ने राधाकृष्ण को मृत घोषित कर दिया, जबकि आयुष को भर्ती कर लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन आयुष को रेफर कराकर निजी अस्पताल ले गए।
इधर, घटना के बाद भीड़ में चालक खिसक गया। जबकि ट्रैक्टर पर आलू लेकर आए ग्रामीण को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जानकारी पर लोहिया अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि आयुष बघार स्थित अपने कालेज में बाइक पर राधाकृष्ण के साथ जा रहा था।