जहानगंज (फर्रुखाबाद)। पुरानी रंजिश में हुई मारपीट में पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर आठ लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। जांच में लूट की घटना मारपीट की निकली। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों पर एनसीआर दर्ज कर ली है।
थानाक्षेत्र के जहांगीरपुर गांव निवासी इमरान हुसैन के घर में शनिवार दोपहर गांव के चार-पांच लोग पुरानी रंजिश में घुस गए। हमलावरों ने गालीगलौज कर मारपीट करनी शुरू कर दी। इसमें सुल्तान, इनकी पत्नी केसरी बेगम, बहू फरान बेेगम व बच्चे घायल हो गए। शोर होने पर हमलावर भाग गए। पीड़ित इमरान हुसैन ने पुलिस को लूट की सूचना दी। उसने कहा कि हमलावर उसके घर से करीब आठ लाख रुपये लूट ले गए।
दिनदहाड़े घर में घुसकर लूटपाट की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। जांच में लूट की बजाय मारपीट का मामला निकला। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। पीड़ित इमरान हुसैन की तहरीर पर गांव के इलियास, राशिद, साधू उर्फ शमसाद, टंडन उर्फ मुख्त्यार के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है।