राजेपुर (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के चंदोखा गांव स्थित एक खेत में लगे बबूल के पेड़ से बीते दिन लापता युवक का शव संदिग्ध अवस्था में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों का कहना है कि युवक शराब पीने का आदी था।
कमालुद्दीनपुर गांव निवासी मुकुंदराम का पुत्र संजीव कुमार (22) शनिवार को घर से बिना बताए कहीं चला गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रविवार को खोजबीन के दौरान संजीव का शव पड़ोसी चंदोखा गांव के नन्हें सिंह के खेत में लगे बबूल के पेड़ से दुपट्टे से फांसी पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आकर शव नीचे उतारा।
छानबीन के दौरान दुपट्टा संजीव की बहन का निकला। दरोगा संदीप कुमार ने शव का पंचनामा भरा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि युवक की मौत कैसे हुई है। पिता मुकुंदराम ने बताया कि संजीव शराब पीने का आदी था। उसकी शादी नहीं हुई थी। तीन भाइयों राजीव कुमार और अजीत कुमार में संजीव दूसरे नंबर का था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले संजीव कुमार शराब के नशे में गिरने से सिर में चोट आई थी। तब से उसकी मानसिक स्थिति भी कुछ ठीक नहीं थी।