शमसाबाद थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में चोरों ने बंद घर के ताले तोड़कर लाखों के जेवर व नगदी पार कर दिए। चोरों ने पड़ोसी का भी ताला तोड़ा, लेकिन उसमें भूसा निकाला। इससे उनके यहां चोरी होने से बच गई।
गांव निवासी विनोद गंगवार बुधवार दोपहर अपने साढ़ूू खुड़ना गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र अमन की शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उनके साथ पत्नी रेखा देवी व बच्चे भी गए थे। घर में ताला डाल दिया था।
बुधवार रात चोरों ने मौका पाकर उनके घर के मुख्य द्वार व कमरों के ताले तोड़ दिए। चोराें ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब लोगों ने विनोद के घर का मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा तो उन्हें सूचना दी।
इस पर विनोद गांव पहुंचे और चोरी हुए माल का आंकलन किया। उन्होंने बताया चोर चार जोड़ी सोने के बाले, एक जोड़ी सोने के झाले, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, 3 सोने की अंगूठी, 3 जोड़ी चांदी की पायल, 15 चांदी के सिक्के व 20 हजार नगदी चोरी कर ले गए।
विनोद के पड़ोसी मकरंद सिंह के बाहरी कमरे का भी चोरों ने ताला तोड़ा। इस कमरे में भूसा भरा था। इससे वहां चोरी होने से बच गई। सूचना पर यूपी 100 पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की है।
बंद घर से लाखों के जेवर व नगदी चोरी
शादी में गया था परिवार, पड़ोसी का भी तोड़ा ताला